Tuesday, October 20th, 2026

बेदाग निखार के लिए कोरियन महिलाएं भी अपनाती हैं घरेलू नुस्खें

 

 

ऐसा बिल्कुल नहीं है कि कोरियन महिलाओं को स्किन प्रॉब्लम्स नहीं होती हैं। या वे सिर्फ महंगे ब्यूटी प्रॉडक्ट्स का उपयोग करती हैं। बल्कि वे जिन प्रभावी घरेलू नुस्खों का उपयोग करती हैं, वे हमारे भारतीय नुस्खों से काफी मिलते-जुलते होते हैं। ऐसा ही एक आसान और सस्ता नुस्खा हम आपके लिए लेकर आए हैं। जिसे भारतीय महिलाएं और पुरुष बहुत ही आसानी से अपने स्किन केयर रुटीन में शामिल कर सकते हैं।


फेशियल असेंस को अक्सर स्किन टोनर समझने की भूल हो जाती है। या फिर लोग इसे फेस सीरम समझ लेते हैं। लेकिन यह ना तो टोनर होता है और ना ही सीरम। बल्कि आप इसे एक तरह का नैचरल मेकअप बेस कह सकते हैं। इसे त्वचा पर लगाने के बाद रगड़ना नहीं होता है।

बल्कि हल्के हाथों से थपकी देते हुए पूरे चेहरे और गर्दन पर लगाया जाता है। यह बहुत ही लाइट होता है। किसी भी क्रीम या सीरम की तुलना में बहुत हल्का होता है और त्वचा इसे तुरंत सोख लेती है। यह त्वचा को हाइड्रेट रखने का काम करती है।


घर पर कोरियन फेशियल असेंस बनाने के लिए आपको जिन चीजों की जरूरत है, वे इस प्रकार हैं। आपको सबसे पहले चाहिए एक अच्छा तेल। इसके लिए आप जैतून का तेल, अरंडी का तेल या फिर बादाम का तेल ले सकते हैं। आपको एलोवेरा जूस चाहिए। एलोवेरा जूस आपको किसी भी आयुर्वेदिक मेडिकल स्टोर पर मिल जाएगा।

गुलाबजल और वेजिटेबल ग्लिसरीन चाहिए। साथ में जरूरत पड़ेगी एक खाली स्प्रे बॉटल की। जो आपको किसी भी ऐसी दुकान पर मिल जाएगी, जहां से आप ब्यूटी क्रीम इत्यादि खरीदते हैं।


आपको जितना भी फेशियल असेंस बनाना है, उसका 80 से 85 प्रतिशत आपको एलोवेरा जूस चाहिए होगा। इस बॉटल में 85 प्रतिशत तक एलोवेरा जूस भर लें। अब एक कटोरी में एक चम्मच तेल, एक चम्मच गुलाबजल और कुछ बूंदें ग्लिसरीन की लेकर उन्हें अच्छी तरह मिक्स करें और फिर बॉटर में डाल दें।

अब बॉटल को अच्छी तरह हिलाएं ताकि सभी चीजें आपस में मिक्स हो जाएं। आपका कोरियन फेशियल असेंस तैयार है। जब भी आप इस फेशियल असेंस का उपयोग करें तो उपयोग से पहले एक बार बॉटल जरूर हिला लें।


अगर आप चेहरे पर नैचरल ग्लो चाहते हैं, वो भी बिना किसी खास मेहनत के तो आपको इस फेशियल असेंस का उपयोग जरूर करना चाहिए। इसमें मौजूद ऐक्टिव इंग्रीडिऐंट्स आपकी त्वचा में गहराई तक जाकर उसे पोषण देते हैं।

इसे त्वचा पर लगाने के लिए आप कॉटन बॉल (रुई का फोहा) या कॉटन पैड का उपयोग करें। और हल्की थपकी देते हुए (Dab) करते हुए इसे चेहरे पर लगाएं। आप चाहें तो हथेली पर इसकी कुछ बूंदें लेकर भी थपकी देते हुए चेहरे और गर्दन पर लगा सकते हैं।


आप अपनी त्वचा के प्रकार और उसकी जरूरत के हिसाब से तेल का चुनाव करें। इसके लिए इन बातों पर ध्यान दें। यदि आपकी स्किन ऑइली है तो आपके लिए सिर्फ आधा चम्मच बादाम तेल ही काफी होगा। यदि आपकी त्वचा ड्राई है तो आपको एवोकाडो या जोजोबा ऑइल लेना चाहिए।

यदि आफकी स्किन कॉम्बिनेशन स्किन है तो आपको नारियल तेल का उपयोग करना चाहिए। यदि आपको यह समझने में दिक्कत है कि आपके लिए कौन-सा तेल बेहतर होगा तो आप बादाम तेल, नारियल तेल या अरंडी के तेल में से किसी भी तेल का उपयोग कर सकते हैं। ये तेल हर स्किन टाइप को लाभ पहुंचाते हैं।

 

Source : Agency

पाठको की राय